झांसी में आठ साल की मासूम के साथ हैवानियत: मां के प्रेमी ने किया दुष्कर्म
काले रंग की गोलियां खिलाकर करता था घिनौना काम
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां आठ साल की एक मासूम बच्ची के साथ उसकी मां के प्रेमी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि आरोपी बच्ची को काले रंग की गोलियां खिलाकर उसके साथ घिनौना कृत्य करता था। जब पीड़ित बच्ची झांसी लौटी तो उसने अपनी बहनों को यह दर्दनाक आपबीती सुनाई।
झांसी के चिरगांव निवासी एक व्यक्ति नवाबाद थाना क्षेत्र में रहकर निजी नौकरी करता है। कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई थी, जिसके बाद पत्नी अपनी आठ साल की बेटी को लेकर गुरुग्राम (हरियाणा) के झारसा रोड, राजीव नगर में जाकर रहने लगी। वहीं, उसकी दो बड़ी बेटियां पिता के पास झांसी में रह गईं।
गुरुग्राम में रहने के दौरान महिला की दोस्ती झांसी के ही रहने वाले आकाश परिहार नामक युवक से हो गई। इसी दोस्ती ने बाद में एक मासूम की जिंदगी को नरक बना दिया।
21 अक्तूबर को महिला ने अपने पति को गुरुग्राम बुलाया। पति जब वहां पहुंचा तो वह पत्नी और आठ साल की बेटी को लेकर झांसी लौट आया। झांसी पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी बहनों को बताया कि “आकाश अंकल मुझे काले रंग की गोलियां खिलाता था और फिर मेरे साथ गंदा काम करता था।”
बड़ी बेटियों ने यह बात तुरंत अपने पिता को बताई, जिसके बाद पिता अपनी आठ साल की बच्ची को लेकर नवाबाद थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बच्ची के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी आकाश परिहार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
यह घटना न केवल झांसी बल्कि पूरे प्रदेश के लिए शर्मसार करने वाली है। मासूम की आपबीती सुनकर हर किसी का दिल दहल गया है। अब पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई में जुटी हुई है।