NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

विक्रमादित्य सिंह का बड़ा एलान: नवंबर तक प्रदेश में बनेगी 1500 किमी लंबी सड़कें

शिक्षा व विकास को नई दिशा

शिमला/26/10/2025

vikram

शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की पाहल पंचायत में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि आने वाले नवंबर महीने में प्रदेश में 1500 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क का लाभ मिलेगा।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में केंद्र सरकार से लोक निर्माण और शहरी विकास विभागों को लगभग 4500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है, जिसे प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल सड़क ढांचा सुदृढ़ होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और सुविधाएं भी मिलेंगी।

उन्होंने बताया कि केवल पाहल पंचायत में ही 22 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बमौत लिंक मार्ग और चेवला-टबोग सड़क परियोजना के लिए बजट प्रावधान जल्द करने की घोषणा की। मंत्री ने पंचायत को विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने का ऐलान किया। साथ ही, स्कूलों में रसोई घरों के निर्माण और शौचालयों की मरम्मत के लिए 1.5 लाख रुपये और छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

मंत्री ने पाहल पंचायत में कई सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें नाबार्ड के माध्यम से बनने वाली 13 करोड़ रुपये की नेहवट घैणी-देवीदार सड़क, नयासेर खड्ड पर पुल और 1.2 करोड़ रुपये की पाहल-बैला घाट-कोटला संपर्क मार्ग प्रमुख हैं।

शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने राजकीय उच्च विद्यालय बमौत में नया परीक्षा केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कायना स्कूल में 22 लाख रुपये की लागत से बनी साइंस लैब का उद्घाटन भी किया। यह लैब समग्र शिक्षा अभियान के तहत बीएसएनएल द्वारा बनाई गई है, जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की प्रयोगशालाएं शामिल होंगी। साथ ही, उन्होंने कायना स्कूल में परीक्षा केंद्र के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने और मिडिल स्कूल के तीन कमरों के निर्माण के लिए 3.50 लाख रुपये देने का ऐलान किया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड लागू किया जा रहा है और स्कूलों का युक्तिकरण (Rationalisation) किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस मौके पर पंचायत के लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

Scroll to Top