NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

प्रोफेसर की दरिंदगी: छात्रा को दी फेल करने की धमकी, शादी का झांसा देकर किया दुराचार

आगरा/27/10/2025

nabalik

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस में स्थित स्कूल ऑफ बेसिक साइंस से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ केमिस्ट्री विभाग के प्रोफेसर पर एक पीएचडी छात्रा ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि आरोपी प्रोफेसर ने उसे शादी का वादा किया, लेकिन जब उसने इस रिश्ते को औपचारिक रूप देने की बात कही, तो उसने न केवल मना किया बल्कि धमकाया कि अगर वह आवाज उठाएगी तो उसे विश्वविद्यालय में बदनाम कर देगा और पीएचडी में फेल करवा देगा।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, छात्रा बरहन क्षेत्र की रहने वाली है और खंदारी कैंपस में रिसर्च स्कॉलर के तौर पर पढ़ाई कर रही है। उसके को-गाइड प्रो. गौतम जैसवार ने रिसर्च के दौरान नजदीकियां बढ़ाईं और धीरे-धीरे छात्रा को अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि प्रोफेसर ने करीब दो साल तक उसका शारीरिक शोषण किया और बार-बार शादी का झूठा भरोसा दिलाता रहा।

जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उससे मारपीट की और डराया कि अगर उसने बात बाहर बताई तो उसका रिसर्च करियर खत्म कर देगा। लंबे समय तक सहने के बाद छात्रा ने आखिरकार अपने परिजनों को पूरी सच्चाई बताई। इसके बाद शनिवार रात को उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद रविवार को केस दर्ज किया है। एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि “साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।”

विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी मामले की जानकारी मिलने के बाद आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है। फिलहाल, इस घटना ने अकादमिक माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि कैसे शिक्षा के मंदिर में भी कुछ लोग अपनी सत्ता और ओहदे का दुरुपयोग करने से बाज नहीं आते।

Scroll to Top