बिलासपुर में विवाह समारोह के दौरान 14 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी रिश्तेदार फरार
बिलासपुर/27/10/2025
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रिश्तेदारी में आए विवाह समारोह के दौरान एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। नालागढ़ क्षेत्र की रहने वाली यह नाबालिग राजपुरा पंचायत के एक गांव में अपने परिजनों के साथ शादी में शामिल होने आई थी।
पीड़िता ने महिला पुलिस थाना बिलासपुर में दर्ज शिकायत में बताया कि जब वह कुछ देर के लिए अकेली थी, तो उसके दूर के रिश्तेदार चाचा ने गलत हरकत की। जब लड़की ने शोर मचाया, तो उसकी नानी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी गालियां देते हुए और धमकी देकर वहां से भाग गया।
डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि नाबालिग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।