सोलन में बघाट बैंक के डिफाल्टरों में हड़कंप, गिरफ्तारी से बचने को भरे 54 लाख रुपए
सोलन | बघाट अर्बन सहकारी बैंक में ऋण डिफाल्टरों पर शिकंजा कसने के बाद अब वसूली की रफ्तार तेज हो गई है। गिरफ्तारी से बचने के लिए डिफाल्टर खुद बैंक पहुंचकर रकम जमा करवा रहे हैं। सोमवार को दो डिफाल्टरों ने मिलकर करीब 14 लाख रुपए, जबकि एक अन्य डिफाल्टर ने अकेले 40 लाख रुपए बैंक में जमा करवाए।
हालांकि, जिस डिफाल्टर ने 40 लाख रुपए जमा करवाए हैं, उसके खिलाफ अभी गिरफ्तारी के आदेश जारी नहीं हुए थे। लेकिन बैंक और प्रशासन की सख्त कार्रवाई को देखते हुए कई डिफाल्टर अब स्वेच्छा से बकाया राशि चुकाने लगे हैं।
गौरतलब है कि बघाट बैंक के 499 ऋण डिफाल्टरों ने बैंक की वित्तीय स्थिति को झटका दिया है। इन सभी के लोन एनपीए घोषित हो चुके हैं। इनमें से 147 मामलों की रिकवरी प्रक्रिया एआरसीएस (Assistant Registrar Cooperative Societies) सोलन के पास लंबित थी।
रिकवरी में सहयोग न करने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ एआरसीएस की अदालत ने लैंड रेवेन्यू एक्ट, 1954 की धारा 75(ए) के तहत गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। इस कार्रवाई के बाद से डिफाल्टरों में हड़कंप मच गया है और कई लोग अब गिरफ्तारी से पहले अपनी बकाया रकम जमा करवा रहे हैं।