NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चंबा मेडिकल कॉलेज की महिला इंटर्न डॉक्टर के विवादित वीडियो पर बवाल, डीसी से शिकायत — जांच के आदेश जारी

chamba-medical-college-2025-10-
चंबा | हिमाचल प्रदेश के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा में तैनात एक युवा महिला इंटर्न डॉक्टर का सोशल मीडिया पर डाला गया विवादित वीडियो (रील) अब बड़ा मुद्दा बन गया है। वीडियो में डॉक्टर द्वारा चंबा के लोगों के खिलाफ अपशब्द कहे जाने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। इस संबंध में नागरिकों ने डीसी चंबा और कॉलेज प्रशासन को औपचारिक शिकायत सौंपी है।

सूत्रों के अनुसार, महिला इंटर्न डॉक्टर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने तीसा अस्पताल में घटित एक पुराने प्रकरण को लेकर अपनी बात रखी थी। हालांकि, वीडियो के दौरान डॉक्टर ने कुछ
ऐसे शब्द और टिप्पणियां कीं जिन्हें लेकर लोग आक्रोशित हैं।

डीसी ने दिए जांच के आदेश


जिला उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मेडिकल कॉलेज प्रशासन को जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। डीसी ने कहा, “जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

कॉलेज प्रशासन भी करेगा कार्रवाई


चंबा मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जालम सिंह ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से इस विवाद की जानकारी मिली है। “जैसे ही शिकायत पत्र औपचारिक रूप से हमें मिलेगा, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने कहा।

स्थानीय नागरिकों में आक्रोश

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर पूरे जिले की छवि धूमिल की है। नागरिक प्रशांत ने कहा, “यह बर्दाश्त योग्य नहीं है। प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की गलती न दोहराए।”

क्या है तीसा अस्पताल का मामला?


गौरतलब है कि कुछ समय पहले तीसा अस्पताल में एक महिला अपनी बच्ची का इलाज कराने आई थी। महिला का आरोप था कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बच्ची के बारे में अशोभनीय टिप्पणी की थी। इस घटना के बाद डॉक्टर के खिलाफ जांच के आदेश जारी किए गए थे।

उसी प्रकरण को लेकर अब चंबा मेडिकल कॉलेज की महिला इंटर्न डॉक्टर ने अपने वीडियो में प्रतिक्रिया दी, लेकिन उस दौरान उन्होंने भद्दी भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया है।

फिलहाल जिला प्रशासन और कॉलेज प्रशासन दोनों स्तरों पर जांच शुरू कर दी गई है, जबकि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है
Scroll to Top