शिमला में तेज रफ्तार का कहर — आरटीओ क्रॉसिंग पर बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
शिमला । राजधानी शिमला में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। आरटीओ क्रॉसिंग-ओल्ड बस स्टैंड मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक चला रहा युवक तेज रफ्तार में था और सामने आए वाहन को देखकर उसने नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके। मृतक की पहचान 22 वर्षीय विक्की निवासी ठियोग के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
बालूगंज थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता चमन लाल की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की जांच जारी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रफ्तार पर नियंत्रण के महत्व की याद दिलाता है।