NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चंबा के बनीखेत में पुलिस की सख्ती — NH-154A पर अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक

chamba
बनीखेत | हिमाचल प्रदेश के चंबा ज़िले में डलहौजी के पास स्थित बनीखेत में अब सड़क किनारे मनमानी पार्किंग नहीं चलेगी। डलहौजी थाना पुलिस ने पठानकोट–चंबा–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-154A) पर बनीखेत बस अड्डे के समीप अवैध पार्किंग पर सख्त रोक लगा दी है।

अब बस स्टैंड और पास के स्कूल परिसर के पास किसी भी वाहन को सड़क किनारे पार्क नहीं किया जा सकेगा। लंबे समय से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों द्वारा राजमार्ग के दोनों ओर गलत तरीके से वाहन खड़े किए जा रहे थे, जिससे यहां बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इससे आम लोगों को भारी परेशानी होती थी और यातायात व्यवस्था भी बाधित होती थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डलहौजी थाना पुलिस ने सड़क किनारे बैरिकेड लगाए, ताकि कोई भी वाहन अब सड़क के किनारे न रुक सके। पुलिस का कहना है कि इस कदम से क्षेत्र में ट्रैफिक अनुशासन और सड़क सुरक्षा दोनों में सुधार आएगा।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि बनीखेत और डलहौजी क्षेत्र में यातायात सुचारू बना रहे।
Scroll to Top