कांगड़ा के नूरपुर में बुलडोज़र एक्शन — महिला तस्कर के घर से 1.131 किलो चिट्टा और 69.45 लाख कैश बरामद
कांगड़ा | हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। कांगड़ा ज़िले के नूरपुर में कुख्यात महिला चिट्टा तस्कर परमजीत उर्फ गोशा और उसके साथी बुआ दास के सरकारी ज़मीन पर बने चार अवैध मकानों पर बुलडोज़र चला दिया गया। इन मकानों को नशे की कमाई से बनाया गया था।
एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि चार दिन में चार आरोपियों के अवैध निर्माण गिराए गए हैं, जिनमें से दो मकान महिला तस्कर परमजीत गोशा और उसके सहयोगी बुआ दास के हैं। इससे पहले, 25 अक्टूबर को कुख्यात नशा तस्कर सोनिया पत्नी नरेंद्र कुमार और दीपक राज पुत्र मनोहर लाल के सरकारी भूमि पर बने मकान भी ध्वस्त किए जा चुके हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि परमजीत गोशा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत 7 मामले दर्ज हैं, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी कई मुकदमे चल रहे हैं। वहीं, बुआ दास पर 2 मामले दर्ज हैं और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी 7 केस दर्ज हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बुआ दास के बेटे रोहित कुमार के कब्जे से पुलिस ने 1.131 किलो चिट्टा (हेरोइन) और ₹69,45,330 नकद बरामद किए थे। बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रशासन ने दोनों आरोपियों के घरों को सील कर सरकारी कब्जे में लिया और अवैध निर्माण को पूरा ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान “हिमाचल बुलडोज़र एक्शन” के तहत की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह सख्त एक्शन उन सभी के लिए चेतावनी है जो नशे के कारोबार से जुड़े हैं या अवैध कमाई से संपत्ति बना रहे हैं — अब किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।