मंडी के पंडोह में गोलगप्पे बेचने वाले यूपी के व्यक्ति ने की आत्महत्या, फांसी से पहले बनाया वीडियो
मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले के पंडोह ज्युनी रोड से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो पंडोह बाज़ार में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर अपना और परिवार का गुज़ारा करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल अपनी पत्नी, दो बेटों और एक बेटी के साथ पंडोह में रह रहा था। दीपावली से पहले उसकी पत्नी और बच्चे कुल्लू स्थित मायके चले गए थे, और दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी तनाव के बीच राहुल ने सोमवार रात यह खौफनाक कदम उठा लिया।
सूत्रों के मुताबिक, फांसी लगाने से पहले राहुल ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने राहुल के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त राहुल की पत्नी और बच्चे मायके में ही रह रहे थे। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।