सास की मौत का सदमा झेल न सकी बहू, कुछ ही देर में थम गई दोनों की सांसें
कांगड़ा/28/10/2025
कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर उपमंडल के आशापुरी पंचायत के रोपड़ी गांव में सास-बहू के अटूट रिश्ते की मिसाल देखने को मिली, जिसने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। यहां सास की मौत का सदमा बहू से सहन नहीं हुआ और कुछ ही देर में उसने भी दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव शोक में डूब गया है।
रोपड़ी गांव निवासी 85 वर्षीय मकोड़ी देवी, पत्नी स्वर्गीय सर्वदयाल का सोमवार को निधन हो गया। मकोड़ी देवी की मौत के कुछ ही समय बाद उनकी बहू रेखा देवी (55) की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि सास के निधन की खबर सुनते ही बहू को गहरा सदमा लगा और वह बेहोश हो गई। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, रेखा देवी के पति ओंकार मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि उनके दोनों बेटे रोज़गार के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। अचानक हुई इस दोहरी मौत ने पूरे परिवार और गांव को शोक में डुबो दिया है।
गांव के लोगों का कहना है कि सास-बहू के बीच बेहद मधुर संबंध थे और दोनों हर सुख-दुख में एक-दूसरे का सहारा थीं। अब दोनों का अंतिम संस्कार बुधवार को गांव के श्मशानघाट पर एक साथ किया जाएगा।
यह घटना न केवल गांव में बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है — जहां सास-बहू का रिश्ता प्यार, सम्मान और अपनापन की मिसाल बन गया है।