NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

नाहन में सड़कों की बदहाली पर बीजेपी का हमला: डॉ. बिंदल ने सरकार को दी चेतावनी

15 दिन में सड़कें ठीक करो, वरना होगा उग्र जनांदोलन

नाहन/29/10/2025

bindallll

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की दयनीय हालत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को एक बड़ा सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन औद्योगिक क्षेत्र मोगीनंद में आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने स्वयं किया। इस दौरान क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर जमकर विरोध जताया गया।

डॉ. बिंदल ने प्रदर्शन में कहा कि “सड़कों को पहाड़ों की भाग्य रेखाएं कहा जाता है, लेकिन आज ये रेखाएं गड्ढों में बदल गई हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की लापरवाही ने सड़कों की हालत को बेहद खराब बना दिया है, जिससे लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर आने वाले 15 दिनों में सड़कों की हालत नहीं सुधरी, तो जनता मजबूर होकर उग्र आंदोलन करने पर उतर आएगी। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या नाहन क्षेत्र से गुजरने वाले कांग्रेस नेताओं को ये गड्ढे दिखाई नहीं देते?

डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले एक साल से नाहन की सड़कें खस्ताहाल हैं। गड्ढों को भरने के नाम पर सिर्फ मिट्टी डालकर खानापूर्ति की जा रही है। बरसात के मौसम में यही मिट्टी दलदल और कीचड़ में बदल गई थी और अब सूखे मौसम में धूल के गुबार से लोगों का जीवन दूभर हो गया है। उन्होंने तंज कसा कि सरकार के लिए विकास का मतलब अब सिर्फ फोटो खिंचवाना और वादे करना रह गया है, जबकि जनता रोज़ाना सड़कों पर झटके खा रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सड़कों के किनारे रहने वाले लोग और रोज़ सफर करने वाले वाहन चालकों की हालत खराब है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को “निकम्मी और संवेदनहीन” बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं पर सरकार ने आंखें मूंद ली हैं।

इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, प्रदेश एससी मोर्चा अध्यक्ष मनीष चौहान, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, मंडल अध्यक्ष सुशील शर्मा, और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों के अलावा यशपाल शर्मा, सुलेमान, इस्लाम, राजीव चौधरी, संदीप तोमर, कमल शर्मा, रतन चौधरी, रामचंद्र, डॉ. मित्तल, रमन भारद्वाज, नितिन गोयल, अंकुर राणा, पुष्पा रानी और हंसराज सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने जोर देकर कहा कि अगर सरकार ने नाहन की सड़कों की मरम्मत नहीं की, तो आने वाले दिनों में “सड़क से सदन तक” आंदोलन छेड़ा जाएगा।

Scroll to Top