NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शादी से लौटे रहे युवक की संदिग्ध मौत: खाई में मिला शव, झगड़े के बाद हत्या की आशंका पर पुलिस जांच तेज

रामपुर/29/10/2025

accident

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक की रहस्यमयी मौत ने सनसनी फैला दी है। तलारा गांव निवासी 27 वर्षीय राम लाल 27 अक्तूबर को गानवी में एक विवाह समारोह में शामिल हुआ था। समारोह से लौटते समय उसने योग राज नामक चालक की गाड़ी में लिफ्ट ली, जिसमें गांव का ही युवक जीवन भी मौजूद था।

सफर के दौरान राम लाल और जीवन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कानू मोड़ के पास जीवन चलती गाड़ी से उतरने लगा, जिसके चलते चालक ने गाड़ी रोकी, और इसी दौरान राम लाल और जीवन दोनों जंगल की ओर चले गए। देर रात तक राम लाल घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही झाकड़ी पुलिस ने एनडीआरएफ और सीआईएसएफ टीमों के साथ रातभर खोज अभियान चलाया और मंगलवार सुबह ज्यूरी–गानवी लिंक रोड से लगभग 500 मीटर नीचे खाई में राम लाल का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।

शव की हालत और घटनाक्रम को देखते हुए मृतक के बड़े भाई हीरा लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए हत्या की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि घटना के हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top