NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

करसोग के जंगल में देवदार की अवैध कटान,वीडियो वायरल, वन विभाग की जांच शुरू

करसोग/29/10/2025

ped

उपमंडल करसोग के पत्थरेवी जंगल में अवैध लकड़ी तस्करी की एक बड़ी घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जंगल में देवदार के हरे-भरे पेड़ बेरहमी से काटे जा रहे हैं। वीडियो सामने आते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और जांच टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर वन कटान की पुष्टि की।

यह वीडियो एक स्थानीय युवक द्वारा बनाया और शेयर किया गया था। वीडियो में तस्करों द्वारा की जा रही कटान स्पष्ट दिखाई देती है। वीडियो विभागीय अधिकारियों तक पहुंचते ही डीएफओ करसोग ने तत्काल कार्रवाई की निर्देश दिए। इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी अमिताभ भारद्वाज की अगुवाई में टीम लगभग 500 मीटर ऊंचाई पर स्थित पत्थरेवी जंगल में पहुँची।

जांच में यह सामने आया कि वन तस्करों ने देवदार के लगभग छह स्वस्थ और कीमती पेड़ों पर आरी चलाई, जिनमें से अधिकांश लकड़ी मौके से हटाकर ले जाई जा चुकी थी। कुछ लकड़ी वहीं जंगल में पड़ी मिली, जिसे विभाग ने कब्जे में ले लिया है। कटे हुए पेड़ों के ताज़ा ठूंठ इस अवैध गतिविधि की पुष्टि करते हैं।

वन विभाग ने बताया कि तस्कर रात के अंधेरे में कटान कर, लकड़ी नीचे सड़क तक ले जाने का प्रयास कर रहे थे। विभाग की टीम स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करों की पहचान की जा सके। इस मामले में करसोग थाना में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।

वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) करसोग कृष्ण भाग नेगी ने कहा कि यह वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचाने वाली घटना है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध कटान करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा लकड़ी के नुकसान का पूरा मूल्यांकन किया जा रहा है।

Scroll to Top