NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दिल्ली में सियासी हलचल तेज: कांग्रेस अध्यक्ष बदलने की तैयारी

सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम अग्निहोत्री ने प्रभारी रजनी पाटिल से की अहम बैठक

दिल्ली/29/10/2025

musura

दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस में संगठन और नए अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज हो गई है।

दरअसल, प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी अब निकट है और इसके साथ ही नया संगठन भी बनाया जाना है। सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को बिना संगठन के छह नवंबर को एक साल पूरा होने जा रहा है। ऐसे में अब पार्टी हाईकमान द्वारा जल्द ही नए अध्यक्ष की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।

मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की जगह शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर का नाम सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने अध्यक्ष पद के लिए कुलदीप राठौर का नाम पार्टी हाईकमान को सुझाया है, जबकि मुख्यमंत्री सुक्खू रोहित ठाकुर के पक्ष में हैं।

वहीं, एससी कोटे से श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विनय कुमार के नाम पर अड़े हुए हैं।

इसके अलावा अध्यक्ष पद की दौड़ में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, कसौली से केडी सुल्तानपुरी, पालमपुर से आशीष बुटेल और आखिरी समय में जसवां परागपुर के विधायक आरएस बाली का नाम भी चर्चा में है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी हाईकमान इनमें से किसे हिमाचल कांग्रेस की कमान सौंपता है। सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम अग्निहोत्री की रजनी पाटिल से मुलाकात के बाद कांग्रेस संगठन में दिल्ली से लेकर शिमला तक सियासी हलचल तेज हो गई है।

संगठन गठन की तैयारी भी शुरू

नए अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद प्रदेश में कांग्रेस का नया संगठन बनाया जाएगा। गौरतलब है कि अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते वर्ष 6 नवंबर को हिमाचल की राज्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को भंग कर दिया था। अब एक साल बाद, संगठन को फिर से खड़ा करने की तैयारी है।

Scroll to Top