चडियार में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान; भाई ने हत्या की आशंका जताई
बैजनाथ/29/10/2025
बैजनाथ उपमंडल के चडियार क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छेक निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है, जो स्थानीय पंचायत में उपप्रधान के पद पर कार्यरत था। घटनास्थल पर रवि कुमार का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी कांगड़ा अशोक रतन और डीएसपी लोकेंद्र नेगी मौके पर पहुंचे और जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस टीम को पूरी गंभीरता से जांच करने और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, रवि कुमार पिछले दिन घर से चडियार बाजार की ओर गया था। रात करीब 9 बजे उसने अपने भाई को बताया था कि वह 10 बजे तक घर लौट आएगा, लेकिन जब रात को उसके भाई ने उसे फोन किया, तो मोबाइल बंद मिला। देर रात सूचना मिली कि रवि कुमार सड़क किनारे गिरा हुआ है। जब उसका भाई मौके पर पहुंचा, तो वहां मौजूद लोगों ने बताया कि रवि कुमार के सिर पर गंभीर चोटें थीं और उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के भाई शशि कुमार ने बताया कि दोनों भाई अविवाहित थे और घर में अकेले रहते थे। उन्होंने कहा कि रवि कुमार का किसी से कोई विवाद नहीं था, लेकिन सिर पर लगी चोटों को देखकर उन्हें साफ संदेह है कि उसकी हत्या की गई है।
भाई की शिकायत पर पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले को आगे बढ़ा रही है।