NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल के चुराह में दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रही कार 100 फीट खाई में गिरी, तीन की मौके पर मौत — दो घायल

चंबा/30/10/2025

chmbaa

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चुराह विधानसभा क्षेत्र के टेपा इलाके में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी युवक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।

हादसा बैरागढ़–देवीकोठी–टेपा सड़क मार्ग पर टेपा नाले के पास हुआ। सड़क संकरी होने और मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण कार गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में चालक राजेंद्र (निवासी बाहला), पम्मी (निवासी बाहला) और सचिन (निवासी चडरु) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए अमर सिंह (बाहला) और धर्म सिंह (जिणी) को तीसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि अन्य दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा।

स्थानीय विधायक का दर्द छलका

चुराह से भाजपा विधायक हंस राज ठाकुर ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा:

“मन व्यथित है। टेपा दुर्घटना के बाद बौंदेड़ी PHC में डॉक्टर मौजूद नहीं मिले और देहग्रा PHC डिनोटिफाईड है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उचित इलाज मिल जाता तो शायद दो युवकों की जान बचाई जा सकती थी।”

उन्होंने सरकार से चुराह क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।

लगातार हादसे बढ़ा रहे चिंता

चंबा जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा। दो दिन पहले (28 अक्टूबर) भी तेलका–सलूणी मार्ग पर टैक्सी खाई में गिर गई थी, जिसमें एक महिला और चालक की मौत हो गई थी, जबकि महिला के दो बच्चे घायल हुए थे।

Scroll to Top