NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

अमित शाह का कांग्रेस पर वार: “सरदार पटेल को भारत रत्न दिलाने में 41 साल की देरी,जिम्मेदार कांग्रेस”

पटना/30/10/2025

amit shahh

पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की वजह से भारत आज एकजुट है, लेकिन कांग्रेस ने स्वतंत्र भारत के इस महान शिल्पकार को वह सम्मान देने में 41 साल की देरी की। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सरदार पटेल को इतिहास से लगभग मिटाने की कोशिश की और उनके योगदान को दशकों तक दबाए रखा। गृह मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद देश की 562 रियासतों को एकजुट कर भारत के नक्शे को आकार देने का इतिहास सरदार पटेल ने लिखा, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न देने में जानबूझकर देर की — जबकि उन्हें यह सम्मान सबसे पहले मिलना चाहिए था।

अमित शाह ने बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर पूरे देश में रन फॉर यूनिटी और भव्य राष्ट्रीय परेड आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परेड का उद्देश्य राष्ट्र की अखंडता और एकता का संदेश देना है। गृह मंत्री ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही सरदार पटेल के सम्मान में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण संभव हो पाया, जो आज विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है और लाखों पर्यटकों का केंद्र बन चुका है।

अमित शाह ने तीखे शब्दों में कहा— “सरदार पटेल जैसे राष्ट्र निर्माता को भुलाने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी, यही वजह है कि उन्हें भारत रत्न मिलने में 41 साल लग गए।” उन्होंने यह भी बताया कि आगामी समारोह में पैरामिलिट्री बलों, पुलिस बलों और वीरता पदक विजेताओं की विशेष भागीदारी होगी और इस बार परेड का नेतृत्व महिला पुलिस अधिकारी करेंगी। शाह ने कहा कि सरदार पटेल कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं — और उनकी एकता की भावना हर भारतीय को प्रेरित करती रहेगी।

Scroll to Top