DGP अशोक तिवारी का संदेश: “देवभूमि को नशे से पूरी तरह मुक्त करना है हमारा संकल्प”
शिमला/01/11/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा उन्मूलन की मुहिम को और तेज करते हुए कोटशेरा स्थित राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मृणालिनी कश्यप के स्वागत संबोधन से हुई। इस दौरान छात्रों को प्रेरित करते हुए DGP ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को खत्म करने वाला जहर है और समाज की सुरक्षा के लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “हिमाचल देवभूमि है, और इस पवित्र भूमि पर नशे के कारोबार की कोई जगह नहीं है।
” तिवारी ने युवाओं को जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और दृढ़ निश्चय अपनाने की प्रेरणा देते हुए यह भी कहा कि सफलता शॉर्टकट नहीं, बल्कि लगातार मेहनत से मिलती है। कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की कि पुलिस विभाग जल्द ही “एंटी-चिट्टा वालंटियर्स” की भर्ती शुरू करेगा, जो नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की मदद करेंगे और जागरूकता फैलाएंगे। साथ ही DGP ने साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा पर भी जागरूक किया, और कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान की वजह बन सकती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी बिमल गुप्ता (IPS), गीतांजलि ठाकुर (DSP), व अन्य पुलिसकर्मियों ने भी संबोधित किया और युवाओं को फिटनेस, नशा मुक्ति और समाज की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि संस्थान जल्द ही साइबर सुरक्षा पर ऐड-ऑन कोर्स शुरू करेगा, ताकि छात्र तकनीकी रूप से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। लगभग 500 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में हुआ यह कार्यक्रम युवाओं में नशा मुक्ति की भावना और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश देकर समाप्त हुआ।