NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

गंगा मेले में उमड़ेंगे 40 लाख से ज्यादा श्रद्धालु: प्रशासन ने ट्रैफिक के लिए 2 से 6 नवंबर तक लागू किया रूट डायवर्जन

हापुड़/01/11/2025

kartikaa

कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर गढ़मुक्तेश्वर (जनपद हापुड़) में लगने वाले गंगा मेले को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। अनुमान है कि इस बार 40 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचेंगे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए बड़े स्तर पर ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 2 नवंबर की दोपहर से 6 नवंबर तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा, ताकि मेले के दौरान किसी भी तरह का जाम न लगे। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मेले के दिनों में भारी वाहनों को जनपद सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। भीड़ और स्थिति सामान्य होने के बाद ही यातायात पूर्व स्थिति में लौटाया जाएगा।

रूट प्लान के अनुसार—दिल्ली से आने वाले वाहन हापुड़ होते हुए बुलंदशहर बाइपास की तरफ डायवर्ट होंगे और वहां से नरौरा, डिबाई, बबराला और चंदौसी मार्ग से मुरादाबाद की ओर बढ़ेंगे। वहीं मेरठ से मुरादाबाद की ओर जाने वाला यातायात मवाना रोड, मीरापुर बैराज, बिजनौर, नहटौर, धामपुर और काठ मार्ग होकर निकलेगा। मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन कांठ, धामपुर, बिजनौर, मीरापुर, मवाना और मेरठ के मार्ग से राजधानी पहुंचेंगे। इसी तरह गजरौला से दिल्ली जाने वाले वाहनों को चांदपुर, बिजनौर और मेरठ के रूट से भेजा जाएगा।

इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से मुरादाबाद तथा बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को दादरी, नरौरा, बबराला और चंदौसी के रास्ते से आगे बढ़ाया जाएगा। मेरठ से बुलंदशहर, संभल और रामपुर जाने वाले वाहनों को भी किठौर और ततारपुर के रास्ते डायवर्ट किया गया है। गाजियाबाद और हापुड़ से मुरादाबाद और रामपुर की दिशा में जाने वाले वाहन गुलावठी, बुलंदशहर और बबराला मार्ग से भेजे जाएंगे। अलीगढ़ और बुलंदशहर से मेरठ और हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

प्रशासन ने सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की है और अपील की है कि श्रद्धालु और वाहन चालक रूट डायवर्जन का पालन करें, ताकि गंगा मेला सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बिना जाम के संपन्न किया जा सके।

Scroll to Top