NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कोटखाई अस्पताल में सर्दियों से पहले बड़ी तैयारी — शिक्षा मंत्री ने दिए मरीज-सुविधाओं में सुधार के निर्देश

कोटखाई/01/11/2025

mantrii

सर्दियों के आगमन को देखते हुए प्रदेश सरकार मरीजों की सुविधाओं को लेकर अब अधिक गंभीर हो गई है। मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में हुई रोगी कल्याण समिति (RKS) की बैठक की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं, बजट उपयोग और मरीज सेवाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय आनंद, डॉ. सुनीश चौहान और समिति के सदस्य सचिव डॉ. अमर चंद ने बजट का विवरण प्रस्तुत किया। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024–25 में अस्पताल में मरीज-सेवा के विभिन्न कार्यों पर ₹24,77,013 खर्च किए गए, जबकि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए ₹25,29,550 का बजट पारित किया गया है। यह राशि उपकरणों के आधुनिकीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत करने पर खर्च की जाएगी।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि कोटखाई का यह संस्थान क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देकर हजारों लोगों को राहत प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोगी कल्याण समिति के बजट का उपयोग सही और पारदर्शी तरीके से हो, ताकि हर एक रुपये का लाभ सीधे मरीजों को मिल सके।

बैठक में मंत्री ने अस्पताल कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने के निर्देश दिए, साथ ही दंत विभाग के लिए लगभग ₹3 लाख की आधुनिक एक्स-रे मशीन खरीदने की मंजूरी भी प्रदान की। सर्दियों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के लिए हीटर, गर्म कंबल और साफ पीने के पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एसडीएम कोटखाई गुरमीत नेगी, तहसीलदार ललित कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन अंजलि चौहान, स्थानीय व्यापारी प्रतिनिधि और अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा — “बजट जनता का पैसा है, इसे मरीजों की सुविधा और अस्पताल की गुणवत्ता सुधारने में ही खर्च किया जाए।”

Scroll to Top