NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रोहड़ू स्कूल में शर्मनाक हरकत—पहली कक्षा के बच्चे से मारपीट, पैंट में बिच्छू बूटी डालने पर शिक्षण कर्मी पर केस दर्ज

रोहड़ू/02/11/2025

CRIME

प्राथमिक शिक्षा खंड रोहड़ू अंतर्गत एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ाने के लिए नियुक्त किए गए एक व्यक्ति ने बच्चे के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसे शौचालय में ले जाकर उसकी पैंट के अंदर बिच्छू बूटी डाल दी, जिससे बच्चा बुरी तरह दर्द और जलन से तड़पता रहा। बच्चे के पिता ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है, जिसके बाद मामला गंभीर धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता दुर्गा सिंह, निवासी गांव भलून, ने बताया कि उनका बेटा पहली कक्षा में पढ़ता है। स्कूल में कार्यरत एक व्यक्ति, जिसे मुख्य अध्यापक ने अपनी पत्नी की जगह गैर-कानूनी रूप से बच्चों को पढ़ाने के लिए रखा था, ने उसके बेटे के साथ मारपीट की। इस दौरान बच्चे के कान से खून निकल आया और मारपीट के बाद उसे धमकाया गया कि वह घर पर इस घटना के बारे में कुछ भी न बताए। पिता का कहना है कि मारपीट के कारण बच्चे के कान के परदे क्षतिग्रस्त हो गए हैं और अब बच्चे को सुनने में कम समस्या हो रही है।

दुर्गा सिंह ने आरोप लगाया कि स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील देते समय छुआछूत जैसा व्यवहार किया जाता है। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि मामले को दबाने के लिए उसके पास 10,500 रुपये जबरदस्ती माफीनामे के नाम पर थमाए गए। शिकायत में यह भी कहा गया कि रात 10 बजे स्कूल के मुख्य अध्यापक और एक अन्य शिक्षक उनके घर पहुंचे और मामले को दबाने की कोशिश की।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पंचायत प्रधान को इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए कहा तो प्रधान ने सिर्फ आश्वासन दिया, लेकिन न तो कोई कार्रवाई की और न ही पंचायत बैठक में स्वयं मौजूद रहे। साथ ही उनसे कहा गया कि मामले को सोशल मीडिया पर न डालें।

डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति और स्कूल स्टाफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं सहित SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Scroll to Top