सोनीपत–गोहाना हाईवे पर दिल दहला देने वाला हादसा: ट्रैक्टर से टक्कर, दंपती और डेढ़ साल की मासूम की मौत
हरियाणा/03/11/2025
हरियाणा के सोनीपत में गोहाना–सोनीपत हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव बीधल का रहने वाला अशोक अपनी पत्नी आशु और डेढ़ साल की इकलौती बेटी चेष्टा के साथ इको गाड़ी में घर लौट रहा था। जैसे ही गाड़ी गांव खेड़ी दमकन के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन के आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया और अशोक, उसकी पत्नी तथा मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, अशोक शाम को परिवार के साथ गोहाना कुछ सामान लेने गया था। वापसी में रास्ते में गांव के ही तीन लोग खड़े मिले तो उसने उन्हें भी गाड़ी में बैठा लिया। लेकिन घर पहुँचने से कुछ ही दूरी पहले यह हादसा हो गया।
टक्कर में घायल तीन अन्य लोगों को राहगीरों की मदद से तुरंत खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर दिया गया है और जांच जारी है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि अशोक ही अपने घर का अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत से बुजुर्ग मां पूरी तरह अकेली हो गई है। घटना की खबर मिलते ही गांव बीधल में मातम छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, क्योंकि एक ही दुर्घटना में पूरा परिवार उजड़ गया।
यह हादसा फिर याद दिलाता है कि सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहन और लापरवाही किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकते हैं।