NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

लंदन की संसद में चमकेगा हिमाचल: मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ‘यूथ एंड आइकॉन अवॉर्ड’, वर्ल्ड रिकॉर्ड सम्मान के लिए मिला निमंत्रण

शिमला/03/11/2025

india

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन करने जा रहे हैं। उनके जनसेवा कार्य, विकासात्मक पहल और युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें ब्रिटेन की संसद में आयोजित होने वाले World Book of Records UK के 9वें इंटरनेशनल अवॉर्ड समारोह में "Youth and Icon Award" से सम्मानित किया जाएगा।

इस सम्मान समारोह का आयोजन 12 दिसंबर को ब्रिटिश पार्लियामेंट, लंदन के House of Commons के Churchill Hall में होगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के राजनेता, दूतावास प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय मीडिया और वैश्विक प्रतिष्ठित हस्तियाँ मौजूद रहेंगी। विक्रमादित्य सिंह को समारोह का औपचारिक निमंत्रण पत्र World Book of Records UK—London के हिमाचल-चंडीगढ़ राज्य प्रमुख सुमित सिंगला ने सौंपा। सुमित सिंगला अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन हिमाचल प्रदेश यूनिट के प्रधान भी हैं।

इस सम्मान के पीछे मुख्य कारण है—विक्रमादित्य सिंह का हिमाचल प्रदेश के विकास कार्यों में सक्रिय योगदान और एक आधुनिक, ऊर्जावान व जमीनी नेता के रूप में युवाओं पर उनका सकारात्मक प्रभाव। माना जा रहा है कि वह अपने पिता, हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विकासशील परंपरा को नयी दिशा दे रहे हैं। वीरभद्र सिंह ने छह दशकों तक राजनीति में रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण जैसे क्षेत्रों में राज्य को मजबूत नींव दी थी, जिसे अब विक्रमादित्य आगे बढ़ा रहे हैं।

यह उपलब्धि न केवल विक्रमादित्य सिंह के लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिमाचल के युवा नेतृत्व की पहचान बनने से प्रदेश की नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी कि समर्पण और सेवा भावना से वैश्विक पहचान हासिल की जा सकती है।

Scroll to Top