शादी से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार: पैरापिट से टकराकर खाई में गिरी कार, दो की मौत—चार घायल
हमीरपुर/04/11/2025
हमीरपुर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने खुशी को मातम में बदल दिया। उखली के पास टियाले दा घट क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई और सड़क़ से नीचे जा गिरी। कार में कुल छह लोग सवार थे, जो अपनी नवविवाहित बेटी के विवाह समारोह से लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि अमनेड़ गांव के निवासी दुनी चंद के परिवार में बेटी की शादी दंगोटा में संपन्न हुई थी। विवाह के बाद सोमवार शाम परंपरा के अनुसार परिवारजन दुल्हन के ससुराल दंगोटा गए थे। लौटते समय कार अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठी और पैरापिट से टकराकर नीचे गिर गई। हादसा इतना तेज़ था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत दूसरी गाड़ी में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान दुनी चंद और रघुवीर सिंह (दोनों अमनेड़ गांव के निवासी) ने दम तोड़ दिया। कार दुनी चंद का बेटा चला रहा था। घायल लोगों में सुदेश कुमारी, प्यार चंद, अनिता राणा और अनिल कुमार शामिल हैं, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई—जहाँ कुछ घंटे पहले ही खुशी का माहौल था, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।