NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हमीरपुर: मानसिक तौर पर अस्वस्थ महिला पर हमला, 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी हिरासत में

हमीरपुर/04/11/2025

hamala

हमीरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के सासन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मानसिक रूप से अस्थिर मानी जा रही 40 वर्षीय महिला रंजना (पत्नी विजय कुमार) पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिर्फ छह घंटे में 14 वर्षीय नाबालिग युवक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस टीम का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने किया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक टूटी हुई दरांती (तेजधार हथियार) और एक डंडा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के कुछ कपड़े भी मौके से मिले, जिन पर खून के निशान होने की आशंका जताई जा रही है। सभी बरामद सामग्री को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि हमले की पुष्टि हो सके।

पकड़ा गया किशोर नजदीकी गांव का रहने वाला है और शहर के एक नामी निजी स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने नाबालिग होने के कारण प्रारम्भिक पूछताछ के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत परिजनों को सुपुर्द कर दिया है, लेकिन टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उसका मेडिकल भी करवाया गया है।

पुलिस को संदेह है कि नाबालिग किसी गलत मकसद से महिला के पीछे गया था और विरोध करने पर उसने उस पर हमला किया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट रूप से किसी भी उद्देश्य की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुँचना उचित नहीं होगा।

घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच के लिए RFSL टीम भी वहाँ पहुँची और उन्होंने महिला के खून के नमूने, हथियार और कपड़ों सहित अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं।

एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा:

“घटना में शामिल 14 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। मेडिकल हो चुका है और मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी की जा रही हैं। जांच जारी है।”

घायल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है, और डॉक्टरों के अनुसार वह अब खतरे से बाहर है।

Scroll to Top