NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मनाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यूपी थाने से फरार दो सिपाही गिरफ्तार, जानलेवा हमले की साजिश में पकड़े गए

मनाली/04/11/2025

git

मनाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद करते हुए एक अहम सफलता हासिल की है। यूपी के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो सिपाहियों को मनाली में खोज निकालकर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सिपाहियों की पहचान राजन सिंह और मनोज यादव के रूप में हुई है।

दोनों आरोपी सिपाही कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर (चंपापुर) निवासी रजनीश पटेल पर हुए हमले के बाद से फरार चल रहे थे। यूपी पुलिस को संदेह था कि आरोपी सिपाही हिमाचल प्रदेश की ओर भागे हैं, जिसके बाद उन्होंने मनाली पुलिस से सहयोग लिया।

DSP मनाली केडी शर्मा ने बताया कि शनिवार देर शाम मनाली पुलिस ने दोनों सिपाहियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और होटलों की चैकिंग जैसे तरीकों का सहारा लिया। लगातार लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम उनकी मौजूदगी तक पहुँचने में सफल रही।

सिपाहियों को गिरफ्तार करने के बाद, रविवार को उन्हें कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए यूपी पुलिस के हवाले कर दिया गया है, ताकि आगे की जांच और कार्रवाई हो सके।

इस कार्रवाई से मनाली पुलिस की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को उनके पद या वर्दी के आधार पर राहत नहीं मिलेगी।

Scroll to Top