NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

उत्तर प्रदेश में 45,000 होमगार्डों की भर्ती को हरी झंडी — सरकार ने जारी किया आदेश, लिखित परीक्षा के बाद बनेगी मेरिट

लखनऊ/04/11/2025

home

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने 45,000 से अधिक होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती की औपचारिक मंजूरी दे दी है। इसके लिए शासनादेश जारी हो चुका है और पूरी भर्ती प्रक्रिया की गाइडलाइन भी तय कर दी गई है। अब भर्ती का कार्य उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से किया जाएगा। जिलों से रिक्त पदों की जानकारी भेजे जाने के बाद बोर्ड ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करेगा। सरकार के अनुसार, भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी।

उम्मीदवारों को सबसे पहले लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसका प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा और अवधि दो घंटे की होगी। लिखित परीक्षा के बाद उम्मीदवारों के दस्तावेज़ों की जांच, शारीरिक मानक (Physical Standard Test), और शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) कराई जाएगी। इन सभी चरणों में सफल रहने के बाद जिलावार अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।

शासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष रहेगी और उम्मीदवार केवल उसी जिले की रिक्ति के लिए आवेदन कर पाएंगे, जहाँ वह स्थायी निवासी है। पुरुष और महिला दोनों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए जाएंगे, साथ ही आरक्षण के नियमों का पूरी तरह पालन होगा। इस भर्ती में एनसीसी प्रमाण पत्र धारकों, आपदा मित्र प्रमाण पत्र रखने वालों और चार पहिया वाहन लाइसेंस रखने वालों को अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।

पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण नियम

अभ्यर्थी का हाईस्कूल या समकक्ष पास होना अनिवार्य।

किसी भी सरकारी/अर्द्धसरकारी सेवा में कार्यरत व्यक्ति पात्र नहीं होगा।

आपराधिक मामला लंबित होने या एक से अधिक पति/पत्नी होने पर आवेदन अस्वीकार होगा।

शारीरिक या मानसिक रूप से अस्वस्थ अभ्यर्थी चयन के लिए पात्र नहीं होगा।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड प्रतीक्षा सूची जारी नहीं करेगा। हर जिला अपनी रिक्तियों की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेगा और मुख्यालय उसे भर्ती बोर्ड को उपलब्ध कराएगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसकी तिथि और शुल्क का निर्धारण भर्ती बोर्ड करेगा।

यह कदम प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगा। अब प्रदेश में हजारों युवाओं के लिए यूनिफॉर्म पहनने और देश-प्रदेश की सेवा करने का रास्ता खुल गया है।

Scroll to Top