NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हमीरपुर में सनसनी: घास लेने गई महिला पर तेजधार हथियार से हमला, हालत नाज़ुक

हमीरपुर/04/11/2025

hamala

हमीरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के सासन गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में घास लेने गई एक महिला पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। यह वारदात इतनी अचानक और गंभीर थी कि महिला लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी। घायल महिला की पहचान रंजना (40) पत्नी विजय कुमार निवासी सासन के रूप में हुई है। रंजना मानसिक रूप से साधारण स्वभाव की बताई जा रही है।

महिला रोज़ की तरह खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर वहां पहुंचे स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल महिला को पहले मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाज़ुक देखते हुए उसे तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज (कांगड़ा) रेफर कर दिया।

हमले की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया।

एडीशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफ़ी रोष देखा जा रहा है और इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Scroll to Top