अमेरिका में हैवानियत: पिता ने 7 महीने के बेटे की हत्या कर रची अपहरण की कहानी — अदालत ने सुनाई 30 साल से अधिक की सज़ा
कैलिफोर्निया/04/11/2025
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने 7 महीने के मासूम बेटे की हत्या कर घटना को अपहरण का रूप देने की कोशिश की। रिवरसाइड काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, 32 वर्षीय जेक हैरो ने अपने बेटे की हत्या का जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद अदालत ने उसे 30 साल से अधिक की सज़ा सुनाई है। हैरो और उसकी पत्नी रेबेका ने अगस्त में पुलिस में शिकायत दी थी कि जब वे स्टोर के बाहर बच्चे का डायपर बदल रहे थे, उसी दौरान किसी ने रेबेका पर हमला किया और बच्चा गायब हो गया। इस फर्जी कहानी के बाद पुलिस, प्रशासन और आम लोगों ने मिलकर बच्चे की तलाश के लिए अभियान चलाया।
लगभग एक सप्ताह की जांच के बाद पुलिस को दंपत्ति के बयान संदिग्ध लगे और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में रेबेका के बयान में विरोधाभास पाए गए और अंततः जेक हैरो ने सच स्वीकार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि कई महीने बीत जाने के बाद भी बच्चे का शव अब तक नहीं मिल पाया है। अदालत ने जेक हैरो को परिवीक्षा उल्लंघन और कई अन्य अपराधों के लिए 7 वर्ष 2 महीने की जेल तथा आठ वर्ष से कम उम्र के बच्चें पर हमले के अपराध में 25 वर्ष का अतिरिक्त कारावास दिया है।
अभियोजकों के अनुसार, जेक हैरो पहले भी 2018 में अपनी 10 महीने की बेटी को गंभीर चोट पहुंचाने का जुर्म कुबूल कर चुका है। वहीं, रेबेका ने जुर्म स्वीकार नहीं किया है और अब वह जनवरी में अदालत में पेश होगी। यह घटना पूरे अमेरिका में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में आक्रोश है कि एक पिता अपने ही बच्चों के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है।