NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कसौली में नशे का बड़ा खुलासा: 62.13 ग्राम चिट्टा के साथ चार युवक गिरफ्तार, पंजाब से लाए थे माल

सोलन/04/11/2025

kausali

हिमाचल प्रदेश में बढ़ रहे नशे के नेटवर्क पर कसौली पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कसौली थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान चार युवकों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 62.13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। यह मात्रा व्यावसायिक श्रेणी के नशे में आती है, जिसे लेकर पुलिस सतर्क हो गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वीरेंद्र सिंह, लखविंद्र, कुणाल और किथू मट्टू निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि यह सभी आरोपी नशे की यह खेप कसौली, धर्मपुर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के बीच सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। बताया जा रहा है कि ये लोग खासतौर पर कॉलेज और स्कूल के छात्रों को निशाना बनाने की फिराक में थे।

पुलिस टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए चारों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामद चिट्टे को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिए जाने की संभावना है ताकि नशे के पीछे जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सके।

कसौली पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशा कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top