NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पांवटा साहिब में ट्राले विवाद ने ली जान: चलती स्कॉर्पियो ने युवक को कुचला, इलाके में सनसनी

पांवटा साहिब/06/11/2025

DEAD

पांवटा साहिब। शहर के भूपपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर खनन और ट्रालों के विवाद में खूनी वारदात सामने आई। रंजिश इतनी बढ़ गई कि हमलावरों ने सरेआम एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान हरियाणा के कलेसर निवासी अशरफ अली (35) पुत्र शेरदीन के रूप में हुई है।

मरम्मत के बहाने बुलाया, फिर स्कॉर्पियो ने कुचला

अशरफ अली अपने ट्राले को ठीक करवाने के लिए भूपपुर आया था। इसी दौरान काले रंग की एप्लाइड फॉर स्कॉर्पियो में सवार हमलावर — • कुर्शीद उर्फ इनाम • उसका भाई आशिक अली पुत्र जाहिद (निवासी कलेसर, हरियाणा)

उसका पीछा करते हुए पहुंचे। जैसे ही अशरफ बाइक से उतरा, हमलावरों ने पहले तेजी से गाड़ी मारकर उसे गिरा दिया और इसके बाद स्कॉर्पियो को पीछे लेकर दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दिया। वारदात इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई।

साथियों ने उठाया अस्पताल, रास्ते में फिर हमला करने की कोशिश

अशरफ के पीछे उसके साथी अमजद पुत्र मगलू और इशरार पुत्र आरिफ सफेद स्कॉर्पियो से आ रहे थे। उन्होंने घायल अशरफ को तुरंत गाड़ी में डाला और पांवटा साहिब अस्पताल के लिए निकल पड़े।

लेकिन बद्रीपुर ट्रैफिक लाइट पर उन्होंने हमलावरों की स्कॉर्पियो को फिर खड़ा देखा। गुस्से में इशरार ने उनके वाहन पर पत्थर फेंका, जिस पर हमलावरों ने उसे भी कुचलने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान दम तोड़ा

घायल अशरफ और इशरार को पांवटा अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत देखते हुए अशरफ अली को यमुनानगर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दो दिन पहले भी हुआ था झगड़ा

जानकारी मिली है कि ट्रालों के विवाद को लेकर दो दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। पुलिस फिलहाल रंजिश के कोण से जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, हत्या का मामला दर्ज

पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Scroll to Top