सुंदरनगर में नाबालिग से छेड़छाड़ और किडनैपिंग की कोशिश! आरोपी को भीड़ ने पकड़ा, कालिख पोती — थाने के बाहर हंगामा
सुंदरनगर/06/11/2025
हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले के सुंदरनगर में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आने से इलाके में तनाव फैल गया। आरोपी पिछले कई दिनों से इस लड़की का पीछा कर रहा था और स्कूल आते–जाते समय परेशान करता था। बुधवार शाम को वह लड़की के घर के पास पहुंचा और कथित रूप से उसे कार में बैठाने की कोशिश की। चीख-चिल्लाहट सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी को पकड़ लिया और भरी भीड़ के सामने उसके साथ मारपीट करते हुए मुंह पर कालिख पोत दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना की खबर फैलते ही देर रात तक सुंदरनगर थाना परिसर के बाहर दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में इकठ्ठा हो गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को अतिरिक्त फोर्स तैनात करनी पड़ी। पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी अक्सर लड़की का हाथ पकड़ने और उसे जबरन कार में धकेलने की कोशिश करता था। नाबालिग ने अपने बयान में कहा कि मंगलवार को भी आरोपी ने ऐसा किया था, लेकिन उसके शोर मचाने पर वह वहां से भाग गया।
आरोपी करीब दस वर्षों तक विदेश में रह चुका है और इस समय सुंदरनगर में बीज की दुकान चलाता है। उसके बारे में यह भी सामने आया है कि उसकी दो शादियां हैं — एक कश्मीर में और दूसरी बिलासपुर जिला के घुमारवीं में। दूसरी ओर, दूसरे समुदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत दी है कि भीड़ ने आरोपी की कार में तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान मनाली–चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर लगभग एक घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने पीड़िता और आरोपी दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर Cross FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी