राजीव गांधी कॉलेज कोटशेरा शिमला में एनएसएस प्री-आरडी चयन शिविर, 132 स्वयंसेवक शामिल
शिमला | राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, कोटशेरा (चौड़ा मैदान) शिमला में हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय एनएसएस प्री-आरडी चयन शिविर का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय शिविर में प्रदेशभर के 45 महाविद्यालयों से 132 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
इस शिविर का उद्देश्य गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले स्वयंसेवकों का चयन करना रहा। चयन प्रक्रिया के तहत कुल 24 स्वयंसेवकों (12 लड़के और 12 लड़कियाँ) का चयन किया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन परेड, शारीरिक दक्षता, दौड़, सांस्कृतिक प्रस्तुति और साक्षात्कार के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जय भगवान, क्षेत्रीय निदेशक, एनएसएस (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) रहे। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने की। उन्होंने कहा कि एनएसएस मंच युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।
इस अवसर पर डॉ. सरोज भारद्वाज (राज्य समन्वय अधिकारी, एनएसएस, हिमाचल प्रदेश), प्रवीण ठाकुर (युवा अधिकारी, एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, चंडीगढ़), डॉ. विनय शर्मा (एनएसएस समन्वयक, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय), ललित (यंग प्रोफेशनल, एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय) और मोती लाल (अनुभाग अधिकारी, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
निर्णायक मंडल में डॉ. सुरेन्द्र शर्मा, डॉ. निशा, डॉ. सरोज भारद्वाज और डॉ. विनय शर्मा शामिल रहे।
शिविर का सफल संचालन महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. स्नेह और डॉ. जितेन्द्र वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यह चयन शिविर युवाओं में राष्ट्रीय भावना, अनुशासन और नेतृत्व कौशल विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर है।
चयनित स्वयंसेवक आगे राष्ट्रीय स्तर के गणतंत्र दिवस परेड प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह भी पढ़ें: यहाँ क्लिक करें अगले संबंधित लेख के लिए