NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रामपुर में बोलेरो खाई में गिरी — एक महिला की मौत, सात महिलाएं घायल

shimla
शिमला । हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ननखड़ी से लौट रही महिलाओं से भरी बोलेरो गाड़ी (नंबर HP-06B-5874) खूनना गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ननखड़ी निवासी सुनीता देवी पत्नी जवाहर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार बोलेरो को विनोद कुमार मेहता पुत्र रामलाल मेहता, निवासी ननखड़ी चला रहा था। गाड़ी में सवार अन्य महिलाओं की पहचान निशा कुमारी, अनिता कुमारी, कमला देवी, नीलम देवी, सुलोचना देवी, सुमित्रा देवी पत्नी जोहर सिंह और सुनीता देवी पत्नी बिट्टू राम के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में तुरंत सहयोग किया और सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने करम सिंह निवासी ननखड़ी की शिकायत पर थाना रामपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(125)(a) के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही प्रतीत होती है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के घर में मातम का माहौल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। खुशियों से भरा सफर पलक झपकते ही मातम में बदल गया — जिसने भी यह हादसा देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
Scroll to Top