हमीरपुर में फूटा जनआक्रोश —महिला की मौत के विरोध में लोगों ने हाईवे जाम किया, आरोपी को फाँसी देने की मांग
हमीरपुर/09/11/2025
हमीरपुर ज़िले के सलासी इलाके में बेहरमी से घायल की गई महिला की मौत के बाद रविवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग़म और गुस्से से भरे परिजनों और सैकड़ों स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने झन्यारा के पास कांगड़ा–शिमला नेशनल हाईवे पर महिला के शव को रखकर चक्का जाम कर दिया। सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ यह विरोध लगभग ढाई घंटे तक चला, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नाबालिग आरोपी को कड़ी सज़ा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि— “यह सिर्फ एक अपराध नहीं, अमानवीय क्रूरता है, ऐसे आरोपी को फाँसी मिलनी चाहिए।” भीड़ लगातार इस बात पर अड़ी रही कि या तो आरोपी को मौत की सज़ा दी जाए या जनता के हवाले किया जाए।
स्थिति गंभीर होती देख डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर, एसडीएम संजीत सिंह सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन लोग किसी भी आश्वासन पर तैयार नहीं हुए। इस बीच सदर विधायक आशीष शर्मा भी पहुंचे और परिजनों से बात की, पर गुस्से में उबल रही भीड़ अपनी मांग पर अड़ी रही।
लगातार बढ़ते तनाव के बीच डीसी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार से बात करके भरोसा दिलाया कि—
“दोषी को हर हाल में सज़ा मिलेगी, किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा।”
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और हाईवे से जाम हटाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने इस मौके पर कुछ अहम मांगें भी रखीं—
क्षेत्र में नई पुलिस चौकी स्थापित की जाए
गश्त बढ़ाई जाए
स्कूलों और कॉलेजों में सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रम करवाए जाएँ
डीसी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रशासन लोगों की भावनाओं का सम्मान करता है और इस मामले में तेज कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।