NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

रोहड़ू में बड़ा हादसा: जंगल में चरवाहे युवक को लगी गोली, तीन शिकारी गिरफ्तार—हथियार और कारतूस बरामद

शिमला/10/11/2025

goli

शिमला। जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। धमवानी जंगल में बकरियां चराने गया एक युवक शिकारियों की गोली का शिकार बन गया। घायल युवक की पहचान कड़ीवन गांव निवासी लकी के रूप में हुई है। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया।

घटना रविवार शाम लगभग 4:45 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने की सूचना स्थानीय ग्रामीण थिस्सूतराम ने युवक के परिवार को दी। उसने बताया कि जंगल में कुछ लोग शिकार कर रहे थे और उनकी बंदूक से चली गोली सीधे लकी को जा लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर रोहड़ू ले जाया गया और फिर वहाँ से IGMC शिमला रेफर किया गया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर है।

घटना की शिकायत ग्रामीण मीना राम ने पुलिस में दर्ज करवाई। उसके अनुसार, गोली चलने के बाद संदिग्ध लोग HP-10-B-8466 नंबर की गाड़ी में जब्ली कैंची की ओर भागते हुए दिखे। ग्रामीणों ने गाड़ी को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। गाड़ी से तीन युवक मिले, जिनमें चालक साहिल सपटा और उसके साथ पंकज संग्रेल व सुखपाल मौजूद थे।

रोहड़ू पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस ने बरामद किया—

एक डबल बैरल बंदूक

जिंदा कारतूस

एक खाली कारतूस

हथियार मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिन हथियारों का इस्तेमाल किया गया, क्या उनके लिए वैध लाइसेंस मौजूद थे या नहीं। सोमवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि जंगल में शिकार किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या यह संगठित अवैध शिकार गिरोह का हिस्सा है।

यह हादसा न सिर्फ लापरवाह शिकार गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि जंगलों में अनियंत्रित हथियारों का इस्तेमाल कितनी बड़ी दुर्घटनाओं को जन्म दे सकता है।

Scroll to Top