पांवटा साहिब में तेंदुए का आतंक: पांच मवेशियों को नोच डाला, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
पांवटा साहिब। उपमंडल की छछेती पंचायत के सारा काईला गांव में तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। देर रात तेंदुए ने गांव के अमर सिंह के बाड़े में घुसकर तीन बकरियों और दो बकरों को मार डाला। घटना के समय सभी मवेशी घर के पास बने बाड़े में बंधे हुए थे। सुबह जब परिवार ने देखा तो सभी मवेशी मृत पाए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में तेंदुए और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इससे न केवल पशुओं की सुरक्षा खतरे में है, बल्कि ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित करने की अपील की है।
वन विभाग के आर.ओ. सुरेंद्र ने बताया कि विभाग को अभी घटना की कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही औपचारिक सूचना मिलेगी, नियमानुसार जांच कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।