सोलन जिले में शादी समारोह बना मौत का मैदान: झगड़े में बीच-बचाव करने वाले युवक की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
कुनिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई — IGMC शिमला में दम तोड़ने वाले दीनानाथ की हत्या का मामला दर्ज
सोलन | सोलन जिला के कुनिहार क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली झगड़ा एक युवक की मौत की वजह बन गया। पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान जाडली गांव निवासी दीनानाथ उर्फ बंटी (31) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को गमझून गांव में एक शादी समारोह में शराब पीने के दौरान कुछ युवकों में कहासुनी हो गई। उसी दौरान दीनानाथ जब बीच-बचाव करने पहुंचा तो किसी ने उसे जोर से धक्का दे दिया। वह सिर के बल गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दीनानाथ को पहले कुनिहार अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे IGMC शिमला रेफर किया गया। लेकिन 12 नवंबर को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता शंकर लाल ने 5 नवंबर को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज करते हुए चार स्थानीय युवकों — भट्टी, अंकित, अर्जुन और करण — को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।