NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हमीरपुर: SHO पर गाड़ी चढ़ाने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फायरिंग के बाद हुआ था फरार

hamirpur
हमीरपुर । दुगनेहड़ी में नाके के दौरान SHO कुलवंत सिंह पर गाड़ी चढ़ाकर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रशिक कुमार, निवासी लाहलड़ी, घटना के बाद से फरार था, लेकिन वीरवार शाम घर लौटते ही पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस कई दिनों से आरोपी की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थी।

कैसे हुआ हमला
सूचना मिली थी कि ऊना से एक ऑल्टो कार (HP 01H-3516) में चिट्टा हमीरपुर लाया जा रहा है। इसके बाद SHO कुलवंत सिंह ने दुगनेहड़ी में नाका लगाया। सुबह करीब 7:45 बजे जब कार को रुकने का संकेत दिया गया, तो ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ाकर सीधे SHO पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। टायर SHO के पैर पर चढ़ गया और उन्हें चोट लगी।

जान बचाने और आरोपी को रोकने के लिए SHO ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से कार के टायरों पर 3 राउंड फायर किए। दो टायर पंक्चर हो गए, लेकिन ट्यूबलैस टायर होने के कारण आरोपी कुछ दूरी तक कार भगाकर फरार हो गया। बाद में कार लावारिस हालत में मिल गई।

कार में थे 5 लोग, चिट्टा संभवत: रास्ते में फेंका
कार में 5 लोग सवार थे, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। सभी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने दो लोगों—एक महिला और एक युवक—को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संदेह है कि आरोपियों ने भागते समय चिट्टा कहीं रास्ते में छिपा दिया, क्योंकि कार से कुछ बरामद नहीं हुआ।

चोट के बावजूद ड्यूटी पर लौटे SHO

डॉक्टरों ने SHO को एक सप्ताह आराम की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने उसी शाम ड्यूटी संभाल ली। उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सोशल मीडिया पर खूब प्रशंसा हो रही है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार — अधिकारी ने की पुष्टि

एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने पुष्टि की कि मुख्य आरोपी रशिक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जा रहा है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Scroll to Top