NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

संजौली में फिर तनाव—अवैध ढांचे पर जुमे की नमाज रोकने को लेकर स्थानीय लोगों और नमाजियों में तीखी नोकझोंक

शिमला/14/11/2025

masjidd

शिमला के संजौली क्षेत्र में मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर उभर आया, जब शुक्रवार को जुमे की नमाज के समय स्थानीय लोगों ने नमाजियों को विवादित स्थल में प्रवेश करने से रोक दिया। लगभग आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहसबाजी का माहौल रहा, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करना पड़ा। यह वही स्थान है जिसे लेकर अदालत पहले ही इसे अवैध निर्माण बताते हुए ढांचा हटाने के आदेश जारी कर चुकी है।

जुमे की नमाज के लिए कुछ लोग मस्जिद में प्रवेश करने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि चूंकि अदालत ने निर्माण को अवैध घोषित किया है, इसलिए यहां धार्मिक गतिविधियाँ नहीं हो सकतीं। इस रोक-टोक से वहां तनाव बढ़ गया और दोनों ओर से आरोप–प्रत्यारोप शुरू हो गए। नमाजियों ने पूछा कि उन्हें नमाज पढ़ने से क्यों रोका जा रहा है, तो स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि अवैध स्थान में किसी भी तरह की गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति तब भी शांत नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भी नाराज़गी जताई और आरोप लगाया कि बाहर से आने वाले लोग यहां नमाज पढ़ने आते हैं और पुलिस उन्हें सुरक्षा प्रदान करती है, जबकि ढांचा कोर्ट आदेश के अनुसार वैध नहीं है। कई महिलाओं ने भी नमाज पढ़ने आए लोगों को रोकते हुए कहा कि यह उनकी निजी जमीन है और इस रास्ते से किसी को गुजरने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यहां खुले में वजू किया जाता है, जो उन्हें आपत्तिजनक लगता है।

उधर, संजौली मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ ने कहा कि वे कानूनी रूप से ढांचे को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। जिला अदालत से राहत न मिलने के बाद अब वे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे, और आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक भी जाएंगे।

पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और धार्मिक तनाव बढ़ने से पहले स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, विवाद के शांत होने के संकेत अभी नहीं दिख रहे, क्योंकि मस्जिद की वैधता और अदालत के आदेशों को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने मत पर अड़े हुए हैं।

Scroll to Top