रोहड़ू रोड पर दर्दनाक हादसा: खनाशधार में कार खाई में गिरी, चालक की मौत—एक युवक घायल
रोहड़ू/15/11/2025
रोहड़ू थाना क्षेत्र के अंतर्गत खनाशधार में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 60 से 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का चालक कर्मा दोरजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तेनजिन नेगी (19), निवासी पूह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक तेनजिन नेगी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 14 नवंबर को लवी मेला देखने रामपुर आया था। वहां उसकी मुलाकात अपने जीजा रिंगजिन दोरजे और रिश्तेदार कर्मा दोरजे से हुई। मेला घूमने के बाद तीनों भद्राश पहुंचे और होटल रॉयल रीजेंसी में ठहरे। रात का खाना खाने के बाद रिंगजिन दोरजे कमरे में सो गए, जबकि कर्मा दोरजे कुछ देर बाहर घूमने की इच्छा से होटल के रिसेप्शन से कार की चाबी लेने पहुंचे और तेनजिन को भी साथ ले लिया।
कार कर्मा दोरजे चला रहे थे और दोनों रोहड़ू रोड की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही वे खनाशधार के पास मोड़ पर पहुंचे, अचानक वाहन पर से उनका नियंत्रण हट गया। कार सीधे सड़क किनारे से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। तेज रफ्तार और गहरी खाई के कारण कर्मा दोरजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेनजिन को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे की वजह बताया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच जारी है।