चंबा में घर लौटते वक्त फिसला पांव , खड़ी ढांक से गिरकर युवक की मौत
चंबा | चंबा जिले की बकाणी पंचायत में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया। धारना गांव के 35 वर्षीय चनालु राम की खड़ी ढांक से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रोज़ की तरह दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद देर शाम अपने घर लौट रहा था। घर का रास्ता पहाड़ी और संकरा होने के कारण काफी जोखिम भरा है।
रिपोर्ट के अनुसार, रास्ते में चलते हुए अचानक उसका पांव फिसल गया। तीखी ढलान (ढांक) होने की वजह से वह सीधे नीचे लुढ़कता चला गया। गहरी खाई में गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को ढांक से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भेज दिया।
एएसपी हितेश लखनपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।