NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

संजौली में दिल दहला देने वाला हादसा — तेज रफ्तार क्रेटा ने पार्क कार को मारी टक्कर, 3 साल के मासूम की मौत, दो घायल

शिमला/17/11/2025

accci

शिमला के संजौली में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। चलौंठी में तेज रफ्तार से आ रही एक क्रेटा कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पार्क की गई कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पार्क कार में बैठे तीन साल के मासूम राघव रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छह वर्षीय बच्ची और 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार आईजीएमसी शिमला में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ, जब ढली की ओर से बाइपास होते हुए संजौली की तरफ आ रही क्रेटा कार चलौंठी में पहुंचते ही सीधे सड़क किनारे खड़ी कार से जा भिड़ी। यह कार उत्तराखंड नंबर की थी और इसमें सवार परिवार उत्तरकाशी का रहने वाला बताया जा रहा है, जो इस समय शिमला के नेरवा में रहता है। बच्चे अपनी मौसी के घर आए हुए थे और रविवार को घर लौटने की तैयारी कर रहे थे कि अचानक यह हादसा हो गया। हादसे में घायल युवक की पहचान दीक्षित के रूप में हुई है।

टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पार्क वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मासूम राघव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और क्रेटा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संजौली थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे की तहकीकात कर रही है।

सड़क पर रफ्तार की एक और लापरवाही ने एक परिवार से उनका लाल छीन लिया और इलाके में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।

Scroll to Top