NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

अंब में दर्दनाक सड़क हादसा — तीन बाइकों की जोरदार टक्कर में 2 सगे भाइयों समेत 4 युवकों की मौत

ऊना/17/11/2025

bikjee

ऊना जिले के अंब क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत ने चार युवकों की जान ले ली। हादसा उस समय हुआ जब चिंतपूर्णी महोत्सव से लौट रहे युवक अंब–मुबारिकपुर रोड पर कलरुही पुल के पास तेज रफ्तार में एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो और युवकों ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों में असब पुत्र असमाईल खान निवासी अलोह, अंब और उसका भाई इमरान भी शामिल हैं, जिनकी मौके पर ही जान चली गई। इसके अलावा, निखिल पुत्र जीवन ठाकुर निवासी सेक्टर-56 चंडीगढ़ और रोहन निवासी किन्नू, अंब, भी गंभीर चोटों के चलते अस्पताल में जीवन नहीं बचा सके। हादसे में शामिल कई अन्य युवक भी घायल हुए, जिन्हें अंब अस्पताल से ऊना और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और घायल अमित कुमार के अनुसार, वह अपने दोस्त निखिल के साथ बगलामुखी माता मंदिर से लौट रहा था। जैसे ही वे कलरुही पुल से आगे बढ़े, सामने से एक बाइक पर तीन युवक तेज रफ्तार में आए और गाड़ी पर नियंत्रण खोते हुए सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सभी बाइकें सड़क पर बिखर गईं और युवक दूर तक जा गिरे।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना पाई गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिए गए हैं। इस भीषण दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Scroll to Top