NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मां-बेटी की खड्ड में बहने से मौत

शिमला - 15 / 08 / 2025

Maa beti

शिमला। शिमला जिले के जून्गा क्षेत्र में मंगलवार को दरभोग पंचायत के पाड़ाई गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेतों में मक्की और गोभी की रखवाली करने गई मां-बेटी अचानक आई तेज बाढ़ में बह गईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका लीलावती (40) पत्नी रामकरण शर्मा और उनकी 10 वर्षीय बेटी शीतल सुबह अपने खेतों की रखवाली के लिए पाड़ाई खड्ड के पास गई थीं। दोपहर बाद क्षेत्र में लगातार तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ गया। बताया जा रहा है कि मां-बेटी खेत से घर लौटने की कोशिश कर रही थीं, तभी वे पानी के तेज बहाव में फंस गईं और बह गईं।

शाम तक घर न लौटने पर परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उनकी खोज शुरू की। खोजबीन के दौरान कुछ दूरी पर दोनों के शव खड्ड किनारे मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पंचायत प्रधान तत्तू उर्फ तारा भारद्वाज ने बताया कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। मृतक परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और खेती-बाड़ी से ही अपनी आजीविका चलाता था। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नालों और खड्डों में पानी का बहाव खतरनाक रूप से बढ़ा हुआ है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा अधिक हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Scroll to Top