राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने ‘हिम भोग’ उत्पाद लॉन्च किए, उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया सम्मानित
मंडी | 15/08/2025
मंडी | जिला मंडी के सरकाघाट में आयोजित राज्य स्तरीय 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ‘हिम भोग गेहूं का आटा’, ‘हिम भोग दलिया’ और ‘हिम भोग हल्दी’ उत्पादों का शुभारंभ किया। ये सभी उत्पाद प्राकृतिक रूप से उगाए गए गेहूं और हल्दी से तैयार किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को पूरी तरह रसायन-मुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की तीन प्रसिद्ध हस्तियों को ‘प्रेरणा स्रोत’ पुरस्कार से सम्मानित किया। शिमला के प्रो. हिम चटर्जी को कांगड़ा मिनिएचर पेंटिंग को पुनर्जीवित करने और नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान सुरंग में दुनिया के सबसे लंबे सार्वजनिक आर्टवर्क के लिए यह सम्मान दिया गया। लोक, शास्त्रीय, गजल, भजन और समूहगान विधाओं में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला शिमला के डॉ. राम स्वरूप शांडिल को सम्मानित किया गया। वहीं, सोलन स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. प्रेम कुमार खोसला को वानिकी शिक्षा में उनके अग्रणी योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
हिमाचल गौरव’ पुरस्कार के तहत धर्मशाला की चंद्ररेखा डढवाल को साहित्यिक योगदान के लिए, कुल्लू के सेउबाग की शालिनी वत्स को दृष्टिबाधित, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण में योगदान के लिए, तथा छोटा शिमला के डॉ. लाल सिंह को सतत आजीविका, जैव विविधता संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा और कृषि नवाचार पर 50 से अधिक परियोजनाओं का नेतृत्व करने के लिए सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय सिविल सेवा पुरस्कार 2025 ग्रामीण विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू को प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सरकाघाट और धर्मपुर क्षेत्र के पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत विवाह अनुदान स्वरूप 2-2 लाख रुपये प्रदान किए। इसके अलावा, सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के 11 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के अंतर्गत गृह निर्माण के लिए 1.5-1.5 लाख रुपये की प्रथम किस्त दी गई। शेष राशि आवास की छत का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर दी जाएगी।
समारोह में मुख्यमंत्री ने इस वर्ष मंडी जिला में आई आपदा के दौरान युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।