24 घंटे में शिमला को सिर्फ 20 एमएलडी पानी मिला सप्लाई सामान्य होने में लग सकता है समय
शिमला। 16/08/2025
शिमला। शिमला शहर में पेयजल सप्लाई सामान्य होने में दो-तीन दिन और लग सकते हैं। भारी बारिश के कारण शिमला शहर को पेयजल सप्लाई करने वाली चाबा, गुम्मा और गिरी परियोजना को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। चाबा परियोजना का पंपिंग स्टेशन पूरी तरह पानी में डूब गया। गुम्मा योजना से जुड़ी नौटी खड्ड में भी पंपिंग सिस्टम कार्य नहीं कर पा रहा। इससे शहर में पानी की किल्लत हो गई है। शिमला शहर के लिए पानी की सप्लाई करने वाली कंपनी SJPNL के AGM विनोद नेगी ने बताया, भारी बारिश के कारण पंपिंग स्टेशनों पर गाद भर गई थी। कुछ पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई थी। जिसके कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा, प्रबंधन के प्रयासों से बीते 24 घंटों में 20 MLD (200 लाख लीटर) पानी शिमला शहर में पहुंच गया है। अलग अलग परियोजनाओं में तरह-तरह की दिक्कत आ रही है, लेकिन जल्द ही समस्याओं को दूर कर शहर में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई होगी। शिमला शहर में रोजाना पेयजल सप्लाई देने को 40 MLD (400 लाख लीटर) पानी की जरूरत होती है। मगर बीते 24 घंटे में शहर में लगभग 20 MLD लीटर पानी पहुंच पाया है। बीते गुरुवार को पानी की सप्लाई नहीं हो सकती। शुक्रवार को भी लगभग 6 MLD पानी सप्लाई हुआ है। ऐसे में शिमला वासियों को अगले दो तीन दिन पेयजल संकट से और जूझना पड़ सकता है।