NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पंजाब में बाढ़ का खतरा: पौंग डैम का जलस्तर बढ़ा, गांवों में हाई अलर्ट

हाजीपुर ।19।08।2025

PONG DAM

हाजीपुर (जोशी): हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी वर्षा के कारण हालात बिगड़ गए हैं। लगातार बारिश से पौंग डैम का जलस्तर करीब 2 फुट बढ़ गया है, जिससे ब्यास नदी के किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। प्रशासन ने पंजाब और हिमाचल से सटे गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अधिकारियों ने जानकारी दी कि तेज बारिश से ब्यास नदी में पानी का बहाव बढ़ा है और इसका सीधा असर पौंग डैम पर पड़ रहा है। यदि डैम के स्पिलवे गेट और खोले गए तो हिमाचल की तहसील इंदौरा समेत पंजाब के जिला होशियारपुर की तहसील मुकेरियां व दसूहा तथा जिला गुरदासपुर के गांवों में बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है।
जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए सोमवार को पौंग बांध से 59,881 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज में छोड़ा गया। इसमें से 48,160 क्यूसेक पानी ब्यास दरिया में और 11,500 क्यूसेक पानी मुकेरियां हायडल नहर में छोड़ा गया। शाम सात बजे पौंग डैम झील में पानी की आमद 88,238 क्यूसेक दर्ज की गई और डैम का जलस्तर 1382.72 फीट पहुंच गया। यह खतरे के निशान से केवल सात फीट कम है।
डी.सी. होशियारपुर आशिका जैन ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF और NDRF की टीमों को तैयार रखा गया है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही आपातकाल की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 104 भी जारी किया गया है।

JALSTR
Scroll to Top