NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चंडीगढ़-मनाली एनएच पर बड़ा हादसा : सेब से लदा वाहन ब्यास नदी में गिरा, सर्च अभियान जारी

हाईवे अस्थायी तौर पर बहाल, कटौला मार्ग अब भी बंद

मंडी - 20/08/2025

kullu accident

मंडी । चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। जोगनी मोड़ के पास सेब से लदा एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और सीधा ब्यास नदी में समा गया। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। वाहन का कुछ हिस्सा ही नदी के बाहर दिखाई दे रहा है, जबकि अधिकांश हिस्सा तेज बहाव में डूब चुका है।

ब्यास नदी के किनारे सेब की पेटियां बिखरी पाई गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी किनारे तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता न होने के कारण रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। बावजूद इसके टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मौके तक पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन में कितने लोग सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि सभी लोग ब्यास नदी के तेज बहाव में बह गए हैं।

मौके पर युसूफ खान के नाम से सेब सीजन संबंधी कागजात मिले हैं। गाड़ी में सवार लोग कहां के रहने वाले थे, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि हादसे की पुष्टि कर ली गई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हाईवे पर बहाल हुई आवाजाही
इसी बीच, मंगलवार रात को पंडोह से पनारसा के बीच कई स्थानों पर हुए भूस्खलन से बंद हुआ चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बुधवार दोपहर को अस्थायी तौर पर यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। सुबह से एनएचएआई की मशीनरी ने राहत कार्य शुरू किया और दोपहर करीब 1:30 बजे हाईवे पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

हालांकि, मंडी से कुल्लू को जोड़ने वाला कटौला मार्ग अभी भी बंद है। कन्नौज के पास सड़क धंसने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की अपील
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करते समय पूरी सावधानी बरतें। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

Scroll to Top